बख्तियारपुर में गूंजा ‘नव बिहार’ का संकल्प, विकास वैभव के आयोजन में चिराग पासवान ने युवाओं को किया प्रोत्साहित

बिहार के बख्तियारपुर में ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के तहत आयोजित आठ दिवसीय ‘मगधद्वार फुटबॉल टूर्नामेंट 2026’ का सफल आयोजन किया गया। 
 

पटना: बिहार के बख्तियारपुर में ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के तहत आयोजित आठ दिवसीय ‘मगधद्वार फुटबॉल टूर्नामेंट 2026’ का सफल आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को बिहार के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

चिराग पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार के विकास के लिए जाति और संप्रदाय से जुड़े मतभेदों से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने खेल, शिक्षा और उद्यमिता को राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

इस आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में काम कर रही ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान की बख्तियारपुर अध्याय की कोर टीम की अहम भूमिका रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और युवाओं के सहयोग से टूर्नामेंट का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम में बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय कुमार सिंह, बख्तियारपुर विधायक अरुण कुमार, बिहार विधान परिषद के सदस्य अशरफ अंसारी और बख्तियारपुर नगर परिषद के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

 

अभियान के प्रतिनिधि के अनुसार, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित बिहार के निर्माण के उद्देश्य से ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ से लाखों लोग जुड़ चुके हैं। अभियान से जुड़े 4 लाख 25 हजार से अधिक सदस्य व्हाट्सऐप समूहों के माध्यम से जुड़े हुए हैं।

अभियान का उद्देश्य जाति, संप्रदाय, लिंग और विचारधारा से जुड़े मतभेदों से ऊपर उठकर लोगों को बिहार के विकास के लिए एकजुट करना है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ सामाजिक भागीदारी और विकास की भावना को भी मजबूत करते हैं।