SIR रिपोर्ट पर चिराग पासवान का पलटवार: जातिवाद पर साधा निशाना, विपक्ष को बताया घबराया हुआ
Patna Desk: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज विशेष पुनरीक्षण (SIR) की फाइनल रिपोर्ट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कौन कितनी राजनीति कर रहा है। पासवान ने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार से इसका कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, प्रशांत किशोर (पीके) द्वारा लगाए गए आरोपों पर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह जांच का विषय है और जांच जरूर होनी चाहिए।
जातिवाद से हो रहा है बिहार का नुकसान
चिराग पासवान ने विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भी जाति के नाम पर वोट मांगना केवल विपक्ष की सोच हो सकती है। जातीय समीकरणों पर राजनीति करना ही बिहार को पीछे धकेल रहा है। पासवान ने कहा, “राजद का एम-वाई समीकरण केवल जातिवाद पर आधारित है। समाज को बांटकर राजनीति करने की सोच बिहार के भविष्य को बर्बाद कर रही है।”
योजनाओं से डर रहा है विपक्ष
बिहार सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाने वाले विपक्ष पर भी चिराग ने हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष महिलाओं और परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं से घबराया हुआ है। पासवान के मुताबिक, “महिलाओं को केवल पैसे बांटने की सोच रखने से विकास नहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारा है। अगर विपक्ष इतना ही गंभीर था तो 15 साल की सत्ता में रहते हुए क्यों काम नहीं कर पाया?”
पीके के आरोपों पर दो टूक
प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर चिराग पासवान ने कहा कि यह पूरी तरह जांच का मामला है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दिल्ली में भी मंत्रियों पर आरोप लगे थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद जांच ठंडे बस्ते में चली गई। पासवान ने कहा, “आरोप लगाने वाले आरोप लगाते रहेंगे, और जिन पर आरोप है वे जवाब देंगे। दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ जाएगा।”