पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर चिराग पासवान का सख्त बयान- “कानून से ऊपर कोई नहीं, गुनाह किया है तो बचेंगे नहीं”
पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि बिना ठोस सबूत के किसी सांसद या जनप्रतिनिधि की गिरफ्तारी नहीं होती। जांच एजेंसियां पूरी जांच के बाद ही कदम उठाती हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने गलत काम नहीं किया है तो डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर दोष साबित हुआ तो कोई भी व्यक्ति बच नहीं पाएगा।
उन्होंने गिरफ्तारी के दौरान बने तनाव और विरोध के माहौल पर भी सवाल उठाया। चिराग ने कहा कि जांच में सहयोग करना चाहिए, न कि उसे सियासी ड्रामा बनाना चाहिए। उनके मुताबिक एनडीए सरकार में कानून अपना काम करता है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
चिराग पासवान ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि हर कानूनी कार्रवाई को बदले की राजनीति बताना उनकी पुरानी आदत है। जबकि असलियत यह है कि मामला पूरी तरह कानून और जांच से जुड़ा है, न कि राजनीति से।
गौरतलब है कि 31 साल पुराने एक मामले में पटना पुलिस ने 6 फरवरी 2026 की रात पप्पू यादव को गिरफ्तार किया। उन पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोप हैं। अगले दिन उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तबीयत खराब होने के बाद उन्हें पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। अब इस मामले में जमानत सुनवाई पर सबकी नजर टिकी है।