चित्रगुप्त पूजा ज्ञान, लेखनी, न्याय और कर्म के प्रति उत्तरदायित्व का पर्व : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने चित्रगुप्त पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी भारतीय संस्कृति में ज्ञान, लेखनी, न्याय और कर्मों के लेखा-जोखा के प्रतीक हैं। चित्रगुप्त पूजा हमें अपने कर्मों के प्रति उत्तरदायी रहने तथा सत्यनिष्ठा, विवेक और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि कलम, दवात और पुस्तकों के पूजन की यह परंपरा शिक्षा, ज्ञान और लेखनी की महत्ता को दर्शाती है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्प लेने का भी अवसर है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि नई पीढ़ी को भगवान चित्रगुप्त जी के आदर्शों, शिक्षा के महत्व, ईमानदारी और सामाजिक समरसता के मूल्यों से जोड़ना आवश्यक है। आधुनिक शिक्षा एवं तकनीक के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और संस्कारों को भी संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कामना की कि कलम ज्ञान का माध्यम बने, कर्म समाज सेवा का आधार बने और न्याय हमारे जीवन का संस्कार बने।