असमय बारिश से फसलों को नुकसान पर एक्शन में CM सम्राट चौधरी, सभी जिलों से मांगी रिपोर्ट; प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत
बिहार में हाल के दिनों में हुई असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों विभागों को राज्य के सभी जिलों से फसल क्षति की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाने और नुकसान का आकलन करने को कहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में असमय बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसे देखते हुए कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को सभी जिलों से वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त कर फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नुकसान का आकलन करने के बाद प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जल्द से जल्द जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को लेकर संवेदनशील है और हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
सरकार के इस निर्देश के बाद अब सभी जिलों में बारिश से प्रभावित फसलों की स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके आधार पर नुकसान का आकलन कर किसानों को राहत देने की कार्रवाई की जाएगी। असमय बारिश से फसल बर्बाद होने की चिंता में पड़े किसानों को सरकार के इस कदम से राहत मिलने की उम्मीद है।