बिहार में कानून व्यवस्था पर CM सम्राट चौधरी की हाईलेवल बैठक, अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
बिहार में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर हाईलेवल बैठक बुलाई। बैठक में राज्य की मौजूदा कानून व्यवस्था, हाल के दिनों में हुई आपराधिक वारदातों और महिलाओं के खिलाफ अपराध से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। इस बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी समेत पुलिस मुख्यालय के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री आवास पर चल रही इस बैठक में सरकार का मुख्य फोकस अपराधियों पर शिकंजा कसने और राज्य में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर है। मुख्यमंत्री अधिकारियों से उन इलाकों की जानकारी ले रहे हैं, जहां हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। साथ ही, अपराधियों के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई, गिरफ्तारियों और पुलिस की कार्रवाई के परिणामों की भी समीक्षा की जा रही है।
बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की ओर से किए गए कामकाज का प्रेजेंटेशन भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जा रहा है। इसमें अपराधियों की गिरफ्तारी, गंभीर मामलों में कार्रवाई और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री अधिकारियों को अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और किसी भी मामले में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दे रहे हैं।
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों पर भी बैठक में विशेष जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री अधिकारियों से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने को कह रहे हैं। इसके अलावा गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध में शामिल लोगों के नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हो रही है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की ओर से नए निर्देश और अहम फैसले सामने आ सकते हैं।