अपराध पर लगाम लगाने के लिए CM सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन, सभी जिलों के DM-SP की दो दिवसीय मैराथन बैठक
बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय मैराथन समीक्षा बैठक बुलाई गई है। पटना के सचिवालय स्थित संवाद सभागार (अधिवेशन भवन) में होने वाली इस बैठक में राज्य के सभी 38 जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ-साथ शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे।
दरअसल, हाल के दिनों में बिहार के अलग-अलग जिलों में हुई गंभीर आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सुशासन की छवि पर सवाल खड़े किए हैं। बेतिया में सेनेको शोरूम से करीब 16 करोड़ रुपये की लूट, बेगूसराय में गैंगरेप पीड़िता को छत से नीचे फेंकने की घटना, मधुबनी में ASI द्वारा ग्रामीण की हत्या और भोजपुर में शादी समारोह के दौरान अंधाधुंध फायरिंग जैसी वारदातों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है।
ऐसे में विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले मुख्यमंत्री ने शासन और जिला प्रशासन की व्यवस्था को दुरुस्त करने की पहल की है। बैठक के दौरान सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए स्पष्ट लक्ष्य दिए जाएंगे। अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने का संदेश दिया जाएगा। साथ ही, जिलों में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की स्थिति में संबंधित SP की जवाबदेही तय करने पर जोर रहेगा।
बैठक के कार्यक्रम के मुताबिक, सभी जिलाधिकारियों को रात में पटना में रुकना होगा, जबकि पुलिस अधीक्षकों को बैठक समाप्त होने के बाद अपने-अपने जिलों के लिए रवाना होना होगा।
दो दिनों तक चलने वाली इस समीक्षा बैठक को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले दिन यानी 28 नवंबर को कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा होगी। सभी DM और SP से उनके जिलों की मौजूदा स्थिति, अपराध के आंकड़ों और पुलिसिंग की कार्यशैली को लेकर जानकारी ली जाएगी।
वहीं, 29 नवंबर को विकास योजनाओं की समीक्षा होगी। इसमें नीतीश कुमार के कार्यकाल में शुरू किए गए सात निश्चय कार्यक्रम, कृषि रोडमैप, सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया जाएगा।
इस बैठक को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रशासनिक प्राथमिकताओं और सरकार की कार्यशैली के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि बैठक के बाद अपराध नियंत्रण और विकास योजनाओं को लेकर सरकार क्या नए निर्देश जारी करती है।