बिहार में आजादी के बाद पहली बार होगी कांग्रेस CWC बैठक, सोनिया-लालू मुलाकात से सियासी समीकरण बदलने की उम्मीद
Bihar Political News: पटना में विधानसभा चुनावी हलचल के बीच आज कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी बैठक होने जा रही है। सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक बुलाई गई है, जिसे लेकर पूरे बिहार में राजनीतिक तापमान चढ़ गया है। खास बात यह है कि आजादी के बाद पहली बार बिहार में CWC की बैठक हो रही है।
बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे, वहीं पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा केसी वेणुगोपाल, डीके शिवकुमार और कई वरिष्ठ नेता पटना में डेरा जमाए हुए हैं। कुल मिलाकर करीब 160 प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल होंगे।
सोनिया-लालू की संभावित मुलाकात
बैठक के बाद एक और बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आ सकता है। सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी की राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात तय है। दरअसल, सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और राजद के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। राजद को उम्मीद है कि सोनिया गांधी के हस्तक्षेप से गतिरोध खत्म होगा और गठबंधन में तालमेल बनेगा।
कांग्रेस की रणनीति
कांग्रेस इस बैठक को बिहार की राजनीति में गेमचेंजर मान रही है। पार्टी का दावा है कि पटना में CWC की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी और गठबंधन की मजबूती भी दिखेगी।
गौरतलब है कि 2023 में तेलंगाना चुनाव से पहले कांग्रेस ने वहीं पर CWC की बैठक की थी और उसके बाद पार्टी को सत्ता में वापसी मिली थी। इसी पैटर्न को ध्यान में रखते हुए अब कांग्रेस को उम्मीद है कि बिहार में भी इस बैठक से चुनावी माहौल उसके पक्ष में बनेगा।