संविधान के आदर्शों को आत्मसात कर सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें : संजय गुप्ता
भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला हमारा संविधान है, जो देश के प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व के मूलभूत अधिकार प्रदान करता है। हमारा संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक और जिम्मेदार बनाता है।
संविधान दिवस के पावन अवसर पर कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संविधान के निर्माण में अतुलनीय योगदान देने वाले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं एवं महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करना हम सभी का दायित्व है। आइए, इस अवसर पर हम संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लें।