बिहार में सत्ता परिवर्तन की उलटी गिनती! नीतीश कुमार 10 अप्रैल को लेंगे राज्यसभा की शपथ, नए CM पर दिल्ली में मंथन
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी में BJP की एक अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें बिहार के सियासी भविष्य पर बड़ा मंथन होगा। इस हाई-लेवल मीटिंग में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कोर ग्रुप के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
नए मुख्यमंत्री पर बनेगी रणनीति
सूत्र बताते हैं कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा बिहार में नई सरकार का गठन और संभावित मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाना है। 10 अप्रैल को ही प्रारंभिक सहमति बनाने की कोशिश होगी, जिसके बाद पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी।
12 से 15 अप्रैल के बीच बड़ा फैसला संभव
जानकारी के मुताबिक, 12 अप्रैल को विधानमंडल दल की बैठक में नए नेता के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। इसके बाद नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता साफ हो जाएगा।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि खरमास खत्म होने के बाद 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है, जिसमें अमित शाह समेत बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। आने वाले कुछ दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं, जहां सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।