पटना में पहली बार CWC बैठक, बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस ने दिखाई ताक़त
Bihar political news: आज़ादी के बाद पहली बार बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक हो रही है। सदाकत आश्रम में होने वाली यह बैठक थोड़ी देर में शुरू होगी और शाम 4 बजे तक चलेगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पटना एयरपोर्ट से सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे।
बैठक स्थल पर सुबह से ही हलचल तेज़ रही। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच एंट्री को लेकर हल्की झड़प भी देखने को मिली। बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार देर रात तक कांग्रेस के बड़े नेता पटना पहुँच चुके हैं। इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, सचिन पायलट, रणदीप सुरजेवाला, भूपेश बघेल, जीतू पटवारी और हरीश चौधरी जैसे कई दिग्गज शामिल हैं।
बैठक से पहले कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि “बिहार में सीएम फेस का ऐलान चुनाव जीतने के बाद ही होगा।”
बिहार चुनाव पर नज़र, कांग्रेस के लिए बड़ा दांव
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि जिस तरह 2023 में तेलंगाना चुनाव से पहले CWC की बैठक ने जीत का रास्ता खोला था, उसी तरह पटना की बैठक भी बिहार में सत्ता परिवर्तन की बुनियाद साबित हो सकती है।
इस बैठक का मकसद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरना और यह संदेश देना है कि बिहार चुनाव में कांग्रेस सिर्फ सहयोगी दल नहीं, बल्कि केंद्र की भूमिका में है।
रेवंत रेड्डी के बयान पर भी निगाहें
बैठक में तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी भी शामिल हैं। गौरतलब है कि दिसंबर 2023 में उन्होंने केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा था कि “मेरा डीएनए तेलंगाना का है, जबकि केसीआर का डीएनए बिहार से जुड़ा है।” यह बयान उस समय बिहार में काफी विवादित और अपमानजनक माना गया था। अब उनकी मौजूदगी एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है।
रणनीति पर होगा मंथन
कांग्रेस का मानना है कि पटना की यह बैठक सिर्फ संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रणनीतिक मोड़ साबित होगी। गठबंधन की दिशा, सीटों का बंटवारा और चुनावी समीकरण पर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।