पटना में CWC की बड़ी बैठक, राहुल-खड़गे ने बिहार चुनाव के लिए खींची रणनीति की आखिरी रेखा
Bihar Politics: बिहार में चुनावी वर्ष में पहली बार कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक आज पटना के सदाकत आश्रम में शुरू हो गई। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। हालांकि, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद प्रियंका गांधी बैठक में शामिल नहीं हुईं।
बैठक में शामिल हैं उन राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य अध्यक्ष और कई पूर्व केंद्रीय मंत्री जहाँ कांग्रेस की सरकार है। राहुल गांधी की अध्यक्षता में बैठक प्रारंभ हो चुकी है।
बैठक में होंगे बिहार से जुड़े अहम फैसले
सत्र को चुनावी वर्ष में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में बिहार के लिए शिक्षा, बेरोजगारी, पलायन और महिलाओं के कल्याण से जुड़े बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक के बाद विशेष घोषणा पत्र भी जारी होने की संभावना है।
महागठबंधन के घटक दलों के वरिष्ठ नेता जैसे तेजस्वी यादव और मुकेश साहनी भी बैठक में मौजूद हैं।
नेताओं के बयान
बैठक से पहले कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री फेस को लेकर कोई फैसला जीतने के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि यह बैठक लोकतंत्र को बचाने के लिए अहम है और कई मुद्दों पर लंबी चर्चा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस अपने जनाधार को वापस पाने की कोशिश कर रही है।
जब तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित करने के सवाल पर पूछा गया, तो खेड़ा ने जवाब दिया, “सूरज को बताने की जरूरत नहीं कि रोज किधर से निकलेगा।”
कांग्रेस का संदेश
बैठक के जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि वह बिहार चुनाव में केंद्र में है और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह बढ़ाना चाहती है।
बैठक में विशेष ध्यान तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी पर भी है। दिसंबर 2023 में उन्होंने तत्कालीन CM केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा था कि उनका डीएनए तेलंगाना का है, जबकि केसीआर का डीएनए बिहार से जुड़ा है। इस विवादित बयान ने बिहारियों के बीच चर्चा और आपत्ति दोनों ही पैदा की थी।