UCC के समर्थन के साथ कोटे में कोटा की मांग, संतोष सुमन बोले- वंचित वर्गों तक पहुंचे आरक्षण का लाभ

 

Bihar political news: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के रुख का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि UCC को लेकर व्यक्त किया गया दृढ़ संकल्प देश में समान कानून की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और उनकी पार्टी इसका पूरी तरह समर्थन करती है।

अनुसूचित जाति आरक्षण में कोटे के भीतर कोटा की मांग

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने इसी के साथ अनुसूचित जाति के आरक्षण में उप-वर्गीकरण और कोटे में कोटा लागू करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय को मजबूत करने के लिए यह जरूरी है कि आरक्षण का लाभ उन समुदायों तक भी पहुंचे, जो लंबे समय से इसका अपेक्षित लाभ नहीं ले पाए हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर गंभीरता से पहल करने का आग्रह किया। मंत्री ने हरियाणा सरकार द्वारा इस दिशा में उठाए गए कदम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां भी कोटे में कोटा लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर गंभीरता से अमल की अपील

हम (से.) नेता ने कहा कि अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को केंद्र और राज्य सरकारों को गंभीरता से लेना चाहिए। उनका कहना है कि आरक्षण व्यवस्था का उद्देश्य तभी प्रभावी तरीके से पूरा होगा, जब उसका लाभ समाज के उन हिस्सों तक भी पहुंचे जो अब तक अपेक्षाकृत पीछे रह गए हैं।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि उनकी पार्टी UCC के पूर्ण समर्थन के साथ सामाजिक न्याय के लिए कोटे में कोटा और आरक्षण के वर्गीकरण की व्यवस्था लागू करने की पुरजोर मांग करती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि अमित शाह के नेतृत्व में इस विषय पर भी सकारात्मक पहल होगी और इससे सामाजिक न्याय की व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।