राजस्व हड़ताल पर डिप्टी CM का कड़ा रुख: “काम रोका तो कार्रवाई तय”, तेजस्वी-ममता पर भी बोला हमला
उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने को तैयार है, लेकिन जनता से जुड़े जरूरी कामों को रोकना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
“काम रोका तो नौकरी पर भी पड़ सकता है असर”
डिप्टी CM ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कर्मचारी काम पर लौट आए हैं, अगर उनके काम में कोई बाधा डाली गई तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने इशारा किया कि जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को नौकरी करने के अधिकार से भी वंचित किया जा सकता है।
सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि लाखों परिमार्जन और दाखिल-खारिज के मामलों का निपटारा जरूरी है और इसमें रुकावट डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
तेजस्वी पर तंज, बंगाल की राजनीति पर हमला
इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजश्वी यादव के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “तेजस्वी जिस भी तरफ जाते हैं, वहां हार तय हो जाती है।”
वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अब बदलाव तय है और जनता जाग चुकी है।
पटना लूटकांड पर सख्त संदेश
पटना में गैस एजेंसी लूट मामले पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराधियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। उपमुख्यमंत्री के इस बयान ने साफ कर दिया है कि सरकार एक तरफ जहां प्रशासनिक कामकाज को पटरी पर रखना चाहती है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक मुद्दों पर भी आक्रामक रुख अपनाए हुए है।