राजनीति से ऊपर विकास की बात! RJD नेता अजय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने रखा वैशाली के विकास का विजन

 
Bihar political news: वैशाली के विकास को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण मांगों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने वैशाली को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की जरूरत पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में अजय कुशवाहा ने वैशाली में भगवान बुद्ध विश्वविद्यालय और बुद्ध मेडिकल कॉलेज की स्थापना, आधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण, पर्यटन थाना की स्थापना, नए बस पड़ाव के निर्माण तथा पटना-वैशाली सड़क के चौड़ीकरण जैसी कई अहम परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि वैशाली का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पूरे विश्व में है। भगवान बुद्ध और भगवान महावीर से जुड़े स्थलों को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

इस मुलाकात की सबसे खास बात यह रही कि विपक्षी दल से जुड़े होने के बावजूद अजय कुशवाहा ने विकास के मुद्दे को राजनीति से ऊपर रखा। उन्होंने कहा कि जनता का विकास किसी दल विशेष का नहीं, बल्कि पूरे समाज का विषय है और वैशाली के हितों के लिए वे हर मंच पर आवाज उठाते रहेंगे।

गौरतलब है कि वैशाली को विश्व के प्रथम गणतंत्र और भगवान महावीर की जन्मस्थली होने का गौरव प्राप्त है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग यहां शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं की मांग करते रहे हैं। ऐसे में अजय कुशवाहा की इस पहल को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अब लोगों की नजर बिहार सरकार के फैसले पर टिकी है कि वैशाली के विकास से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर कब और क्या कार्रवाई होती है।