मां की यादों को भी नहीं छोड़ा? कांग्रेस के AI वीडियो पर देशभर में गुस्सा, भाजपा– चुनाव आयोग तक ले जाएंगे मामला
बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया विवाद सामने आया है। दरअसल, कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन को लेकर एक एआई निर्मित वीडियो शेयर किया गया। वीडियो के सामने आते ही भाजपा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोल दिया और आरोप लगाया कि पार्टी ने पीएम मोदी की मां का अपमान किया है।
एआई वीडियो ने बढ़ाया विवाद
यह वीडियो 10 सितंबर को बिहार कांग्रेस के ऑफिशियल X हैंडल से शेयर किया गया था। इसमें पीएम मोदी जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति को बेड पर लेटा हुआ दिखाया गया है, जबकि उनकी मां जैसी दिखने वाली महिला सपने में आकर उन्हें डांट लगाती है।
वीडियो में महिला कहती है- “पहले नोटबंदी करके मुझे बैंक के बाहर लाइन में खड़ा कर दिया, अब बिहार में मेरा नाम लेकर राजनीति हो रही है। पोस्टर-बैनर पर मेरा नाम छपवा रहे हो। राजनीति के नाम पर तुम और कितना गिरोगे, संभल जाओ, सुधर जाओ।”
भाजपा का कहना है कि यह वीडियो सिर्फ पीएम मोदी ही नहीं बल्कि उनकी दिवंगत मां का भी अपमान है।
भाजपा का पलटवार: “गांधीवादी नहीं, गालीवादी पार्टी”
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस वीडियो पर कड़ा रुख अपनाते हुए कांग्रेस पर “सारी हदें पार करने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- “प्रधानमंत्री की मां के साथ दुर्व्यवहार करने पर पछतावा करने के बजाय कांग्रेस झूठ और प्रपंच के सहारे आरोपी का बचाव कर रही है। यह पार्टी अब गांधीवादी नहीं बल्कि गालीवादी बन चुकी है।”
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले भी बिहार में कांग्रेस नेताओं के मंच से पीएम मोदी की मां को गाली दी गई थी और अब एआई वीडियो के जरिए फिर से उनका अपमान किया गया।
शाहनवाज हुसैन का हमला
बीजेपी प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा- “कांग्रेस की बेशर्मी अब हद पार कर चुकी है। गाली देने पर माफी मांगने की बजाय, कांग्रेस नेताओं ने अपमानजनक वीडियो जारी कर अपनी सोच को और ज्यादा उजागर किया है।”
चुनाव आयोग तक जाएगी शिकायत
भाजपा ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे को चुनाव आयोग तक लेकर जाएगी। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस बार-बार प्रधानमंत्री और उनकी मां को निशाना बनाकर राजनीति को नीचा दिखा रही है।