भागलपुर में बोले दीपांकर भट्टाचार्य-“यह चुनाव बदलाव का है, जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है”
Patna Desk: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने गुरुवार को भागलपुर सर्किट हाउस में प्रेस से बातचीत के दौरान नीतीश सरकार पर तीखे हमले बोले।
उन्होंने कहा कि इस बार का चुनाव बदलाव का चुनाव है। जनता इंतजार कर रही है क्योंकि वह मौजूदा सरकार से छुटकारा चाहती है। भ्रष्टाचार इस बार का बड़ा मुद्दा बनेगा। दीपांकर ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा – “सुशासन का वादा किया गया था, लेकिन आज हालात ये हैं कि गरीबी, बेरोजगारी और पलायन बढ़ा है। लोग कर्ज के बोझ तले दबे हैं, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है।”
दीपांकर ने आगे कहा कि बिहार सरकार ने 70 हजार करोड़ का हिसाब सीएजी को नहीं दिया है। वहीं कई मंत्रियों तक के भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप सामने आ रहे हैं, लेकिन बीजेपी और जेडीयू इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आखिर खामोश क्यों हैं? जनता सब देख रही है।”
प्रशांत किशोर पर भी साधा निशाना
माले महासचिव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि तीन साल में उनके पास 240 करोड़ रुपये कहां से आए? किस पार्टी, व्यक्ति या कंपनी ने इतनी भारी-भरकम रकम बतौर फीस या चुनावी चंदा दिया, इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
किसानों की जमीन और अडानी को लेकर बड़ा आरोप
दीपांकर भट्टाचार्य ने पीरपैंती का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की जमीन बेहद कम कीमत पर अडानी पावर लिमिटेड को सौंप दी है। लाखों पेड़ों की बलि भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक रुपये में इतनी जमीन देना वहां की जनता के साथ अन्याय है और लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इससे पहले दीपांकर तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय स्थित गांधी विचार मंच कैंपस पहुंचे और गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।