जन सुराज बांट रही पैसे? BJP के आरोपों पर प्रशांत किशोर ने तोड़ी चुप्पी
बिहार में MLC चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने जन सुराज पार्टी पर बड़ा इल्जाम लगाया है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि बिहार विधान परिषद चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी वोटरों को लुभाने के लिए पैसे बांट रही है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें जन सुराज पार्टी के प्रचार सामग्री के साथ नोटों के बंडल की तस्वीर है। इसमें प्रशांत किशोर की भी तस्वीर नजर आ रही है।
सोशल मीडिया पर जन सुराज की प्रचार सामग्री में लिपटे 500 रुपये के नोटों के एक बंडल की एक और तस्वीर में तिरहुत शिक्षक सीट से प्रत्याशी श्याम नंदन यादव की तस्वीर भी नजर आ रही है। इन्हीं वायरल तस्वीरों को लेकर बीजेपी ने प्रशांत किशोर की पार्टी पर विधान परिषद चुनाव में धनबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इन वायरल तस्वीरों की पुष्टि कतई नहीं करता है। बीजेपी के प्रवक्ता दानिश इकबाल ने कहा कि बिहार में एमएलसी चुनाव के बीच नोटों के बंडल के साथ प्रशांत किशोर की तस्वीर का वायरल होना गंभीर विषय है। चुनाव में मतदाताओं को नगदी देने का प्रलोभन हो रहा है।
मैं चुनाव आयोग से मांग करता हूं कि इस मामले में वो तत्काल संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए। इसके स्त्रोत कथित वितरण में शामिल लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोकतंत्र में कैश फॉर वोट की कोई जगह नहीं है। निष्पक्षता और मतदाताओं का विश्वास सर्वोपरी है। लेकिन जनसुराज की बात करने वाले प्रशांत किशोर की पार्टी द्वारा पैसे बांटने की जो तस्वीर सामने आ रही है वो अत्यंत ही चिंता का विषय है।
बीजेपी प्रवक्ता दानिश इकबाल ने कहा कि इससे पहले प्रशांत किशोर ने कहा था कि शुक्रवार को वोटिंग है तो अच्छा है क्योंकि मुसलमान वोट कर पाएंगे। यह मुस्लिम तुष्टिकरण को दर्शाता है। प्रशांत किशोर जंगल राज के नए वर्जन हैं।
हालांकि, बीजेपी के इन आरोपों पर प्रशांत किशोर ने भी जवाब दिया है। प्रशांत किशोर ने कहा जिनके पास खुद अथाह पैसा है, वो लोग दूसरों पर पैसे बांटने का आरोप लगा रहे हैं। पीके ने कहा, 'इस देश में भाजपा से ज्यादा पैसा किसी के पास है? जन सुराज के लोग भाजपा से ज्यादा पैसा बांट सकते हैं? सरकार आपकी, दिल्ली में शासन आपकी, सारे उद्योगपति आपके, बिहार का राज आपका और पैसा जन सुराज बांट रहा है? वायरल वीडियो की जांच की जाए।'