अनंत सिंह और अनुज सिंह पर FIR, रोड शो में आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
बिहार में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। नौ लोगों की हत्या करवाने वाले बयान को लेकर विवादों में घिरे अनंत सिंह अब आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फंस गए हैं। उनके साथ जन सुराज पार्टी के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह पर भी एफआईआर दर्ज की गई है। बाढ़ और मोकामा थानों में दोनों के खिलाफ कुल तीन एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
दरअसल, अनंत सिंह इन दिनों अपनी ही पार्टी जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। वह पटना स्नातक सीट से जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में लगातार रोड शो और जन अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं।
इसी दौरान बाढ़ में रोड शो के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है। प्रशासन ने रोड शो के लिए 10 गाड़ियों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी। लेकिन आरोप है कि तय सीमा से अधिक 15 से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा जेसीबी के जरिए फूलों की वर्षा भी कराई गई। इसी मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है। अनंत सिंह के एक रिश्तेदार पर भी मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, अनंत सिंह के इस चुनावी रुख ने जेडीयू के भीतर भी असहज स्थिति पैदा कर दी है। पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार कर रहे अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के समर्थन में वोट मांग रहे हैं। वह अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में अनंत सिंह के नौ लोगों की हत्या करवाने संबंधी बयान पर काफी विवाद हुआ था। उन्होंने दावा किया था कि जब नीतीश कुमार राजनीति में संघर्ष कर रहे थे, तब वह उनके साथ खड़े थे। अनंत सिंह ने कहा था कि नीतीश कुमार की मदद के लिए उन्होंने नौ लोगों का मर्डर करवाया था। हालांकि, इस बयान के बाद उन्हें सफाई भी देनी पड़ी थी।
बताया जा रहा है कि विधान परिषद चुनाव में नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने से अनंत सिंह नाराज हैं। अब रोड शो को लेकर दर्ज एफआईआर के बाद यह विवाद और गहरा सकता है।