पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अड़ीं, कहा- फोर्स बुलाकर खाली करवा लें बंगला, मैं नहीं छोड़ूंगी 10 सर्कुलर रोड
Patna: बिहार की राजनीति में एक बार फिर 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को लेकर विवाद गहरा गया है. पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा है कि वह स्वेच्छा से यह बंगला खाली नहीं करेंगी. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार चाहती है तो "फोर्स बुलाकर बंगला खाली करवा ले."
राबड़ी देवी का यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार सरकार ने पटना के चर्चित 10 सर्कुलर रोड बंगले को मंत्री नंद किशोर राम के नाम आवंटित कर दिया है और भवन निर्माण विभाग ने आवास खाली करने का नोटिस भी जारी किया है.
भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में नोटिस जारी किया था. विभाग की ओर से यह तीसरा नोटिस बताया जा रहा है. नोटिस में कहा गया है कि यह आवास अब पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए इसे जल्द खाली किया जाए.
राबड़ी देवी का दो टूक जवाब
नोटिस मिलने के बाद राबड़ी देवी ने साफ शब्दों में कहा कि वह किसी भी कीमत पर 10 सर्कुलर रोड वाला आवास खाली नहीं करेंगी. उन्होंने कहा कि अगर सरकार आवास खाली कराना चाहती है तो फोर्स बुलाकर खाली करवा ले. दिल्ली से पटना लौटने के बाद उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी.
भवन निर्माण विभाग के अनुसार, नवंबर 2025 में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था. विभाग का कहना है कि नया आवास मिलने के बावजूद उन्होंने अब तक पुराना आवास खाली नहीं किया है.
2005 से 10 सर्कुलर रोड में रह रहा है लालू परिवार
लालू प्रसाद और उनका परिवार साल 2005 से 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी बंगले में रह रहा है. विभाग का दावा है कि पिछले छह महीनों में कई बार आग्रह किया गया कि राबड़ी देवी नए आवास में शिफ्ट हो जाएं, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ.
एक महीने पहले भी भेजा गया था नोटिस
भवन निर्माण विभाग ने करीब एक महीने पहले भी राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भेजा था. उस समय भी विभाग ने स्पष्ट किया था कि नेता प्रतिपक्ष के लिए 39 हार्डिंग रोड का आवास निर्धारित किया गया है और पुराने आवास को खाली करना आवश्यक है.
धीरे-धीरे हटाया जा रहा सामान
सूत्रों के मुताबिक 10 सर्कुलर रोड आवास को खाली कराने की प्रक्रिया पिछले कुछ समय से चल रही है. घर का सामान चरणबद्ध तरीके से अन्य आवासों में शिफ्ट किया जा रहा है. हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक आवास पूरी तरह खाली नहीं किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास लंबे समय से लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी परिवार का राजनीतिक केंद्र रहा है। लालू-राबड़ी परिवार करीब दो दशकों से अधिक समय से इस बंगले में रह रहा है। हाल ही में बिहार सरकार ने इस आवास को मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया और राबड़ी देवी को इसे खाली करने का निर्देश दिया गया।
सरकार का कहना है कि राबड़ी देवी को पहले ही पटना के 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है। इसके बावजूद उन्होंने अब तक 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली नहीं किया है