केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन का निधन, 101 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
केरल के दिग्गज वामपंथी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन का सोमवार को निधन हो गया। वे 101 वर्ष के थे और पिछले कई वर्षों से अस्वस्थ रहने के कारण शारीरिक रूप से बेहद कमजोर थे तथा बिस्तर तक ही सीमित थे। अच्युतानंदन ने 2006 से 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और लंबे समय तक मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) के शीर्ष नेताओं में गिने जाते रहे। वे केरल विधानसभा में विपक्ष के सबसे लंबे समय तक नेता रहने वाले नेताओं में से एक थे।
मजदूर आंदोलन से राजनीति तक का सफर
अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत उन्होंने 1939 में राज्य कांग्रेस के माध्यम से की थी। बाद में 1940 में वे कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ गए। उन्होंने ट्रेड यूनियन आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई और नारियल रेशे (कोयर) उद्योग के मजदूरों, ताड़ी बनाने वालों और खेतों में काम करने वाले श्रमिकों को संगठित करने का अहम काम किया।