पूर्व विधायक राजवल्लभ यादव का लालू परिवार पर विवादित बयान, तेजप्रताप भड़के, बोले- अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति, राजद से निष्कासन बिल्कुल सही फैसला
Patna Desk: बिहार की सियासत में एक बार फिर विवादास्पद बयान से हलचल मच गई है। नवादा के पूर्व विधायक राजवल्लभ यादव, जो हाल ही में बलात्कार के आरोप से जेल से बरी होकर बाहर आए हैं, ने राजद सुप्रीमो लालू यादव के परिवार पर निशाना साधा है।
राजवल्लभ ने लालू यादव के दोनों बेटों की शादियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “जात-पात की राजनीति करने वाले खुद शादी के लिए पंजाब-हरियाणा चले जाते हैं। क्या बिहार में यादव समाज की लड़कियां नहीं हैं? यहां भी तो शादी हो सकती थी।” उन्होंने यहां तक कह दिया कि “लड़की लाना है कि जर्सी गाय लाना है।”
उनके इस बयान ने न केवल लालू परिवार बल्कि पूरे राजद खेमे में बवाल खड़ा कर दिया है।
तेजप्रताप यादव का पलटवार
राजवल्लभ के विवादित बयान पर तेजप्रताप यादव भड़क गए और उन्होंने कहा, “राजवल्लभ यादव अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। ऐसे लोगों को मैं जानता भी नहीं। इनका पतन तय है और इसी वजह से इन्हें राजद से निष्कासित किया गया था।”
तेजप्रताप ने आगे कहा कि ऐसे लोगों के बयान को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए ओछी बातें करते हैं।
मंदिर दर्शन को पहुंचे तेजप्रताप
तेजप्रताप रविवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे थे। यहां वे प्रभात सिनेमा चौक पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे बाबा गरीबनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे, लेकिन चंद्रग्रहण का सूतक लग जाने के कारण पूजा नहीं कर सके। इस दौरान मंदिर के मुख्य पुजारी विनय पाठक और अन्य पुजारियों ने उनका स्वागत किया।
बयान से गरमाई राजनीति
राजवल्लभ यादव का यह बयान न केवल तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव को लेकर आपत्तिजनक था, बल्कि लालू परिवार की निजी जिंदगी पर टिप्पणी ने सियासत को और गर्मा दिया है।
तेजप्रताप ने साफ कहा है कि ऐसे विवादित व्यक्तियों की बातों का कोई महत्व नहीं है और जनता खुद देख रही है कि कौन समाज की भलाई की बात करता है और कौन सिर्फ सस्ती लोकप्रियता के लिए अनाप-शनाप बयान देता है।