गया-बोधगया में बनेगा बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेल सुविधाओं के विकास में आएगी तेजी
बिहार में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। गया-बोधगया में खेल अधोसंरचना के विस्तार से लेकर विधायक आवासीय परिसर में खेल सुविधाओं के विकास तक, कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई है। इसको लेकर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य की खेल नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, खेलो इंडिया के तहत प्रस्तावित योजनाओं और विभिन्न खेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, गया और बोधगया को प्रमुख खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान विधायक आवासीय परिसर में खेल सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर दिया गया। यहां उपलब्ध वास्तुविदीय नक्शे की स्वीकृति, बैडमिंटन कोर्ट के जीर्णोद्धार और उपलब्ध जगह के अनुसार अन्य खेल सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
वहीं, गया-बोधगया में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, स्विमिंग पूल, बहुउद्देशीय हॉल और स्क्वैश कोर्ट जैसी परियोजनाओं को खेलो इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुरूप दोबारा प्रस्तुत करने पर विचार किया गया।
डॉ. प्रेम कुमार ने गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान की चारदीवारी की मरम्मत, तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण के साथ आधुनिक तैराकी सुविधाओं को बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा, इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार की संभावनाओं का आकलन कर जल्द तकनीकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने सरकारी जमीन चिह्नित कर पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर खेल मैदान विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अब इन योजनाओं के क्रियान्वयन से गया-बोधगया में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।