गयाजी-बैंकॉक सीधी उड़ान से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा : डॉ. प्रेम कुमार

बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की ।
 

बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार आज गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की । इस अवसर पर उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गयाजी और बैंकॉक के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होना बिहार की अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्कता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञान, शांति और करुणा की भूमि बोधगया विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। गयाजी से बैंकॉक के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से भारत और थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंध और मजबूत होंगे। इससे बोधगया सहित पूरे मगध क्षेत्र में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि इस हवाई सेवा से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को लाभ मिलेगा। बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों और स्थानीय उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद मिलेगी। यह पहल बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में बोधगया से पहली विदेशी उड़ान का परिचालन शुरू हुआ था। अब गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होना राज्य की हवाई संपर्कता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से बिहार में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। राज्य में अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्कता को और मजबूत करने से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। गयाजी-बैंकॉक के बीच सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह उड़ान बिहार के विकास को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने इस पहल के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त किया।