जनसंख्या नियंत्रण को लेकर फिर बोले गिरिराज सिंह, कहा- मुस्लिम महिलाओं का FTR अधिक, हिंदुओं का कम 

 

आज विश्व जनसंख्या दिवस है। भारत की आबादी 150 करोड़ के आस पास पहुंच गई है। हमारा देश विश्व की सबसे बड़ी आबादी वाला राष्ट्र बन गया है। ऐसे में जनसंख्या का भारी बोझ भारतवर्ष के विकास की राह में बड़ा बाधक बनकर सामने आ रहा है। देश की जनसंख्या और इसके नियंत्रण की नीति पर नरेंद्र मोदी सरकार के कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि मुस्लिम महिलाएं ज्यादा बच्चे पैदा करती हैं और हिंदु महिलाएं कम। इससे देश पर जनसंख्या का बोझ बढ़ने के साथ सामाजिक विसंगति पैदा हो रही है। उन्होंने आबादी बढ़ने पर नियंत्रण करने के लिए कड़े कानून लाने की मांग की है। इस पर राजनीति भी तेज हो गई है।

 

उन्होंने कहा कि देश में 147 जिले ऐसे हैं जहां जनसंख्या में बढ़ोतरी की दर बहुत ज्यादा है।इसकी वजह यह है कि हिंदू महिलाओं का एफटीआर कम है और मुस्लिम महिलाओं का एफटीआर ज्यादा है। लगभग सवा परसेंट से मुस्लिम महिलाओं का एफटीआर हिंदू महिलाओं की तुलना में अधिक है। इस वजह से मुस्लिम महिलाएं ज्यादा बच्चे पैदा कर रही हैं। इससे देश में एक सामाजिक विषमता का भी माहौल बन रहा है। अब एक कड़ा कानून लाने की सख्त आवश्यकता है।

गिरिराज सिंह के इस बयान पर राजनीति भी तेज हो गई है। विपक्षी इंडिया ब्लॉक के आरजेडी और कांग्रेस ने उनके बयान की आलोचना की है तो एनडीए के दलों ने समर्थन किया है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा है कि गिरिराज सिंह को अपने कपड़ा मंत्रालय से कोई मतलब नहीं है। इसीलिए अनाप शनाप बोलते रहते हैं। उन्हें अपने विभाग का रोडमैप लेकर चलना चाहिए। कहा है कि आपके कपड़े के नाप छोटे पड़ जाते हैं तो कभी मुसलमान पर तो कभी मुसलमान पर चले जाते हैं। वहीं बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण और एलजेपी के प्रवक्ता राजेश सिंह ने कहा है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून देश की आवश्यकता है।