बेगूसराय में गरजे गिरिराज सिंह, बोले- “RJD-कांग्रेस करवा रही है फर्जी वोटिंग, हिंदुओं पर चुप विपक्ष”
Begusarai: बिहार की राजनीति में जुबानी जंग लगातार तेज़ होती जा रही है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बेगूसराय से विपक्ष पर करारा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और राजद कार्यकर्ता चुनाव को प्रभावित करने के लिए फर्जी मतदान करवा रहे हैं। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेते हुए कहा कि, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ से लेकर अब बेगूसराय तक कांग्रेस और राजद के लोग फर्जी वोटिंग की साज़िश कर रहे हैं। यहां तक कि ‘माय-बहिन योजना’ के नाम पर झूठे फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, जबकि ऐसी कोई सरकारी योजना है ही नहीं। उन्होंने जिला प्रशासन और चुनाव आयोग से मामले की तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की।
लालू-तेजस्वी पर तीखा पलटवार
गिरिराज यहीं नहीं रुके। उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को भी निशाने पर लिया। लालू यादव के बीजेपी को “चोर” कहने पर तंज कसते हुए बोले, लालू खुद भ्रष्टाचार में सजायाफ्ता हैं। ऐसे में वे दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबां में झांकें। सिंह ने दावा किया कि विपक्ष बार-बार वोटर लिस्ट से नाम कटने की बात कर रहा है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट में एक भी ठोस सबूत नहीं दे सका।
वोट बैंक की राजनीति कर रहा है विपक्ष
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर रोहिंग्या और मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने गोपालगंज में वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें हिंदुओं की पिटाई दिख रही है, लेकिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव इस मुद्दे पर चुप हैं। अगर सच में वोटर अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं, तो गोपालगंज जाएं और हिंदुओं के पक्ष में आवाज़ उठाएं। लेकिन वे नहीं जाएंगे, क्योंकि उनकी पूरी सियासत वोट बैंक पर टिकी है।
विधानसभा चुनाव से पहले तेज़ होती सियासी जंग
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले सियासी बयानबाज़ी लगातार तेज़ हो रही है। एक ओर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की “वोटर अधिकार यात्रा” केंद्र और राज्य सरकार पर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर एनडीए खेमे से गिरिराज सिंह जैसे नेता विपक्ष को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि गिरिराज का यह हमला हिंदू वोटरों को साधने और विपक्ष को घेरने की बीजेपी की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।