असम में हिमंत बिस्वा सरमा ने फिर संभाली कमान, सम्राट चौधरी ने दी बधाई; बोले- ‘जनता ने विकास पर लगाई मुहर’

 

Newshaat Desk: असम की राजनीति में एक बार फिर भाजपा-एनडीए ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए और हिमंत सरमा को बधाई देते हुए उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि असम की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा-एनडीए सरकार बनाकर विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति पर अपना अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रदेश में प्रगति के नए आयाम स्थापित होंगे।

सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों में विकास की रफ्तार तेज हुई है और असम इसका बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। उन्होंने हिमंत सरमा के सफल, जनकल्याणकारी और ऐतिहासिक कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि जनता का भरोसा भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि असम में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार की वापसी को भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं बिहार से सम्राट चौधरी की मौजूदगी को भी एनडीए के भीतर मजबूत समन्वय और राजनीतिक एकजुटता का संकेत माना जा रहा है।