दिल थामिए बिहार! आज हो सकता है विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का ऐलान
Patna Desk: बिहार के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हो सकता है। पूरे प्रदेश की निगाहें सोमवार शाम 4 बजे होने वाली चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इसी प्रेसवार्ता में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान हो सकता है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने दो दिवसीय पटना दौरे के दौरान रविवार को संकेत दिया था कि “चुनाव की घोषणा बहुत जल्द की जाएगी।” सूत्रों के मुताबिक, सोमवार दोपहर के बाद किसी भी वक्त बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान संभव है। गौरतलब है कि 17वीं बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, इसलिए आयोग जल्द चुनाव कार्यक्रम जारी करने की तैयारी में है।
‘लोकतंत्र का महापर्व’ बोले मुख्य निर्वाचन आयुक्त
प्रेसवार्ता के दौरान ज्ञानेश कुमार ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि “जैसे छठ पर्व पूरे उत्साह से मनाया जाता है, वैसे ही लोकतंत्र के इस महापर्व में भी हर नागरिक बढ़-चढ़कर भाग लें।” उन्होंने बताया कि इस बार बिहार चुनाव में 17 नई तकनीकी और व्यवस्थागत पहलें लागू की जा रही हैं, जो पूरे देश के लिए एक मॉडल बनेंगी।
सियासी दलों में हलचल तेज
चुनाव आयोग की घोषणा से पहले ही सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है। एनडीए और महागठबंधन दोनों खेमों में उम्मीदवारों की सूची और घोषणापत्र को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है। नेताओं की बैठकें, पोस्टर रिलीज़ और रैलियों की तैयारी ने चुनावी तापमान को और बढ़ा दिया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आयोग का यह ऐलान सिर्फ़ तारीखों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह बिहार की राजनीति की दिशा तय करने वाला बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
आज का दिन बिहार के लोकतंत्र के नाम
राज्यभर में मतदाता उत्साहित हैं और सोशल मीडिया से लेकर नुक्कड़ तक सिर्फ़ एक ही चर्चा है- कब बजेगा चुनावी बिगुल?
आज का दिन बिहार के लिए सिर्फ़ एक राजनीतिक ऐलान नहीं, बल्कि लोकतंत्र के एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में दर्ज हो सकता है।