'होश-हवास में होते नीतीश तो अक्षयवट सेतु ही होता नाम', कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल पर तेजस्वी का बड़ा बयान

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है
 

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के नामकरण को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दावा किया कि पुल के शिलान्यास के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इसे महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. अक्षयवट राय के नाम पर रखने की सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि यह पुल अक्षयवट राय के पैतृक गांव से होकर गुजरता है। स्व. अक्षयवट राय पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न स्व. कर्पूरी ठाकुर के सबसे विश्वस्त सहयोगियों में शामिल थे।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बताया कि शिलान्यास के समय तत्कालीन विभागीय मंत्री के रूप में उनकी नीतीश कुमार से इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई थी। लालू प्रसाद यादव की उपस्थिति में नीतीश कुमार ने सहमति दी थी कि पुल के उद्घाटन के अवसर पर इसका नाम 'अक्षयवट सेतु' रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने को लेकर हुई समीक्षा बैठक के दौरान भी नीतीश कुमार से इस मुद्दे पर फिर चर्चा हुई थी। उस समय भी पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' रखने का निर्णय दोहराया गया था।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अगर नीतीश कुमार पूरी तरह सचेत अवस्था में होते और निर्णय लेने की स्थिति में होते, तो पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' ही रखा जाता। उन्होंने पुल के नामकरण को लेकर अपनी निराशा जाहिर की।