पटना में संध्या अर्घ्य के बीच CM सम्राट ने जहाज से किया घाटों का निरीक्षण, गंगा में दिखा 'नशामुक्त बिहार' का संदेश
पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को राजधानी पटना के गंगा घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। संध्या अर्घ्य के अवसर पर हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे।
व्रतियों ने गंगा नदी में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पटना के छठ घाटों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री नासरीगंज घाट से कंगन घाट तक जहाज के जरिए पहुंचे और गंगा किनारे बने विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर मौजूद व्रतियों और श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का अभिवादन कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक श्याम रजक और सांसद रविशंकर प्रसाद भी मौजूद रहे। सभी ने जहाज से गंगा किनारे छठ घाटों का निरीक्षण किया और पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखा।
वहीं, संध्या अर्घ्य के दौरान गंगा नदी में एक जहाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस जहाज पर 'नशामुक्त बिहार' और 'नशा नहीं, सोच नई' का संदेश लिखा हुआ था। इसके जरिए छठ महापर्व के अवसर पर लोगों को नशे से दूर रहने और जागरूक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।