जमुई पहुंचे प्रभारी मंत्री संजय सिंह, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत; विकास कार्यों में तेजी का दिया भरोसा
जमुई आगमन पर स्थानीय परिसदन (सर्किट हाउस) में बिहार पुलिस के जवानों ने मंत्री संजय सिंह को पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इसके बाद जमुई के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया तथा जिले की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने कहा कि जमुई से उनका विशेष लगाव रहा है और पुनः जिले की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इसके लिए पार्टी और सरकार के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है। विशेष रूप से ‘हर घर नल का जल’ योजना को सुदृढ़ करते हुए प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य पर तेजी से काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जमुई के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। साथ ही जन-शिकायतों के त्वरित निवारण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रभारी मंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। उनके आगमन को जिले के विकास कार्यों में नई गति और ऊर्जा से जोड़कर देखा जा रहा है।