श्रीकृष्ण सिंह के आदर्शों पर चलकर विकसित बिहार का निर्माण जरूरी: विजय कुमार सिन्हा
पटना: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को आधुनिक बिहार का निर्माता बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने और विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। रविवार को पटना स्थित बिहार विधानसभा सभागार में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘बिहार गौरव सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विजय कुमार सिन्हा ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि शुचिता, सुशासन, सामाजिक न्याय और आधुनिक बिहार के निर्माण के सशक्त प्रतीक थे। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार ने सामाजिक सुधार, औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। जमींदारी उन्मूलन की दिशा में उनकी ऐतिहासिक पहल और देवघर के मंदिर में दलितों के प्रवेश को लेकर किए गए प्रयास सामाजिक समानता और समरसता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के नेतृत्व में बरौनी रिफाइनरी समेत कई महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं की नींव पड़ी, जिसने बिहार के विकास को नई दिशा दी।
कृषि मंत्री ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का सार्वजनिक जीवन ईमानदारी, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने राजनीति में नैतिक मूल्यों और सार्वजनिक जीवन की शुचिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके विचार और आदर्श आज भी जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में बिहार केसरी के विचारों और आदर्शों को अपनाना और भी प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने जातिवाद, भ्रष्टाचार और सामाजिक भेदभाव से मुक्त, सुशासित, समृद्ध और विकसित बिहार के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने की जरूरत बताई।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
समारोह के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी गुलामी की मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाई है और परिवारवाद में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं को उचित सम्मान देने में विफल रही है। सिन्हा के मुताबिक, वास्तविक सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के बजाय कांग्रेस घड़ियाली आंसू बहाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है।