रुपौली उपचुनाव के लिए जदयू से कलाधर मंडल ने किया नामांकन, बोले- जीतकर मुख्यमंत्री के सपनों को साकार करेंगे

 

पूर्णिया के रुपौली विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन का दौर शुरू हो गया है लिहाजा शुभ मुहूर्त में मंगलवार को नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के प्रत्याशी कलाधर मंडल ने अपना नामांकन किया है। 

NDA समर्थित उम्मीदवार कलाधर मंडल के नॉमिनेशन के मौके पर बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा उपस्थित थे। पर्चा दाखिला के बाद जेडीयू प्रत्याशी कलाधर मंडल ने कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित है और जीतकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को साकार करेंगे।

वहीं, बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि कलाधर मंडल एनडीए समर्थित उम्मीदवार हैं, जिनकी बेदाग छवि उनकी जीत का मुख्य कारण बनेगी। रूपौली सीट पर एकबार फिर जेडीयू प्रत्याशी की जीत होगी।

वहीं, इसके बाद 20 जून को लोजपा (रामविलास) से बागी पूर्व विधायक शंकर सिंह निर्दलीय नॉमिनेशन करेंगे। जबकि महागठबंधन से अब तक पेंच फंसा हुआ है। राजद से बीमा भारती अब खुद उप चुनाव लड़ना चाहती हैं। जबकि सीपीआई ने पहले से ही इस सीट पर दावा करते हुए विकास चंद्र मंडल के चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद से ही महागठबंधन में इस सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर माथापच्ची जारी है।

बता दें कि रूपौली विधानसभा से 5 बार की विधायक रहीं बीमा भारती ने विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद राजद से लोकसभा चुनाव लड़ा था। तब से रूपौली विधानसभा सीट खाली थी। चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी करते हुए रूपौली विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को वोटिंग जबकि 13 जुलाई को काउंटिंग की तारीख घोषित की है।

रूपौली विधानसभा में 3 प्रखंड और 42 पंचायतों को मिलाकर 321 मतदान केंद्र हैं। इनमें रूपौली प्रखंड के 18 पंचायत, रुपौली नगर पंचायत के साथ ही भवानीपुर प्रखंड के 12 पंचायत और एक नगर पंचायत, जबकि बी कोठी प्रखंड के 8 पंचायत शामिल हैं। 55 मतदान केन्द्रों को प्रशासन ने अतिसंवेदनशील घोषित कर रखा है। वहां अभी से ही प्रशासनिक गतिविधि के साथ ही अर्धसैनिक बल की तैनाती करते हुए उन्हें अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

रूपौली विधानसभा में 3 लाख 13 हजार 599 वोटर हैं। इनमें पुरुष मतदाता 1 लाख 61 हजार 688 जबकि महिला वोटर 1 लाख 51 हजार 895 हैं। अन्य सिर्फ 16 हैं, जानकी 18 से 19 साल के फर्स्ट टाइम वोटरों की तादाद 3943 है। रूपौली प्रखंड में वोटरों की तादात 1 लाख 50 हजार 681 इनमें 72710 महिला, 77965 पुरुष और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं।

वहीं, भवानीपुर प्रखंड में 105939 मतदाता हैं। इनमें महिला वोटर 51 हजार 473, पुरुष वोटर 54 हजार 458 जबकि थर्ड जेंडर के वोटरों की संख्या 8 है। जबकि बीकोठी प्रखंड के 8 पंचायत में 56 हजार 979 वोटर हैं। इनमें 27 हजार 712 महिला जबकि 29 हजार 265 पुरुष, थर्ड जेंडर के 2 वोटर शामिल हैं।