ददन पहलवान से मिलने पहुंचे जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लड़ सकते हैं चुनाव 

 

बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। दो चरणों में विधानसभा चुनाव होना है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा तो वहीं दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। जबकि पहले चरण के मतदान की नोटिफिकेशन 10 अक्टूबर को जारी होगी। नोटिफिकेशन जारी होने से पहले सभी पार्टियां सीट शेयरिंग और प्रत्याशियों के चयन पर जोड़ दे रही है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ही पार्टियों में सीट शेयरिंग को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

इसी बीच नेताओं का एक दूसरे से मुलाकातों का दौर भी शुरु हो गया है। इसी कड़ी में आज बुधवार को बक्सर के बाहुबली नेता पूर्व मंत्री ददन पहलवान से मिलने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पहुंचे हैं। ददन पहलवान के आवास पर दोनों के बीच मुलाकात हुई। सूत्रों की मानें तो ददन पहलवान जदयू की सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

दरअसल, बाहुबली नेता ददन पहलवान से मिलने बुधवार को जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा उनके आवास पर पहुंचे। मुलाकात के बाद ददन यादव ने डुमरांव विधानसभा सीट से जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुत इज्जत करते हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी बात पर विचार किया जाएगा तथा उन्हें जेडीयू का टिकट मिलेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपनी बात रख दी है।