चुनाव से ठीक पहले RJD का सियासी किला हिला, अचानक आया इस बड़े नेता का इस्तीफा
Kishanganj: बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही नेताओं का पाला बदलने और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में महागठबंधन के गढ़ माने जाने वाले किशनगंज से राजद सुप्रीमो लालू यादव को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक मो. कमरूल होदा ने गुरुवार को पार्टी और अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
पद और पार्टी से दूरी बनाई
कमरूल होदा ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे पत्र में लिखा है कि वे “निजी कारणों” से पद और पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर रहे हैं। उन्होंने पत्र में पार्टी नेतृत्व से मिले सहयोग और सम्मान के लिए आभार भी जताया।
अभी किसी दल में जाने की योजना नहीं
त्यागपत्र में उन्होंने साफ किया कि फिलहाल उनका किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने का इरादा नहीं है। हालांकि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनका यह कदम कई तरह की राजनीतिक अटकलों को जन्म दे रहा है।
महागठबंधन की मजबूत पकड़ वाले जिले में हलचल
किशनगंज को महागठबंधन का गढ़ माना जाता है। यहां फिलहाल सांसद और चारों विधानसभा सीटें महागठबंधन के पास हैं। ऐसे में राजद जिलाध्यक्ष का अचानक इस्तीफा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेचैनी और विरोधियों के लिए चर्चा का विषय बन गया है।
चुनाव से पहले बढ़ा दलबदल का दौर
बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज होते ही नेताओं का दल बदलने का सिलसिला भी जोर पकड़ रहा है। कई नेता अपने पुराने ठिकाने से असंतुष्ट होकर नई राह तलाश रहे हैं। कमरूल होदा का इस्तीफा इसी सियासी भूचाल की ताजा कड़ी है।