जस्टिस कामेश्वर राव ने संभाली पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की जिम्मेदारी, CM सम्राट भी रहे मौजूद
Patna High Court Chief Justice: बिहार की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। जस्टिस वी. कामेश्वर राव ने पटना हाईकोर्ट के 49वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली। बिहार लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जस्टिस वी. कामेश्वर राव को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव के नाम की सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी सिफारिश
पटना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस पद के लिए जस्टिस वी. कामेश्वर राव के नाम की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी। कॉलेजियम ने 6 अगस्त 2026 को हुई बैठक में उनके नाम की अनुशंसा की थी।
इससे पहले पटना हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस मीनाक्षी मदन राय 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके रिटायरमेंट के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुधीर सिंह कार्यवाहक चीफ जस्टिस के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
दिल्ली यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई
जस्टिस वी. कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त 1965 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
मार्च 1991 में उन्होंने दिल्ली बार काउंसिल में अपना पंजीकरण कराया। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) समेत विभिन्न न्यायिक मंचों पर करीब दो दशकों तक वकालत की। वर्ष 2010 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया।
2013 में बने दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश
जस्टिस वी. कामेश्वर राव को सेवा मामलों, श्रम कानून, संवैधानिक एवं प्रशासनिक कानून और मध्यस्थता से जुड़े मामलों में विशेषज्ञता हासिल है।
17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 18 मार्च 2015 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश बनाया गया।
कर्नाटक हाईकोर्ट में भी संभाली अहम जिम्मेदारी
वर्ष 2024 में जस्टिस वी. कामेश्वर राव का स्थानांतरण कर्नाटक हाईकोर्ट किया गया। मई 2025 में उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद जुलाई 2025 में वह दोबारा दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में लौटे। अब उन्होंने पटना हाईकोर्ट के 49वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ लेकर नई जिम्मेदारी संभाल ली है।
जस्टिस वी. कामेश्वर राव के पदभार संभालने के साथ पटना हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। उनके अनुभव और न्यायिक विशेषज्ञता से बिहार की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।