बिहार चैम्बर के शताब्दी समारोह में आएंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया! डाक टिकट जारी करने का भी किया गया आग्रह

 

Newshaat Desk: बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष समारोह को लेकर गुरुवार को चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया से मुलाकात की। नई दिल्ली स्थित संचार भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान चैम्बर की ओर से शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया गया।

चैम्बर के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार ने केंद्रीय मंत्री से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर बिहार चैम्बर की 100 वर्षों की उपलब्धियों और राज्य के आर्थिक विकास में उसकी भूमिका से अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बिहार के व्यापार और उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि संचार मंत्रालय देश में व्यापार और उद्योग को सुगम बनाने के लिए लगातार कई पहल कर रहा है।

बातचीत के क्रम में सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की स्थापना वर्ष 1902 में उनके परिवार द्वारा की गई थी, इसलिए वे चैम्बर संस्थाओं के महत्व को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के आर्थिक विकास में चैम्बर ऑफ कॉमर्स की भूमिका बेहद अहम होती है।

मुलाकात के दौरान बिहार की विश्व प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग का भी जिक्र हुआ। इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस तरह मधुबनी पेंटिंग ने देश और विदेश में अपनी खास पहचान बनाई है, उसी तरह मध्य प्रदेश की चंदेरी भी अपनी अलग पहचान रखती है।

इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री को बिहार चैम्बर के शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए संसद सत्र समाप्त होने के बाद सितंबर माह में पटना आने का आश्वासन दिया।

चैम्बर के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री की उपस्थिति से शताब्दी समारोह को नई ऊर्जा मिलेगी और बिहार के व्यापार एवं उद्योग जगत को भी इसका लाभ मिलेगा।