त्याग, तपस्या और संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक थे कैलाशपति मिश्र : संजय सरावगी
पटना: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य, गुजरात के पूर्व राज्यपाल एवं बिहार भाजपा के भीष्म पितामह श्रद्धेय कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कैलाशपति मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा और वैचारिक प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है।
सरावगी ने कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत आधार प्रदान करने में कैलाशपति मिश्र का अतुलनीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके विचार, आदर्श और संगठन के प्रति समर्पण पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने अपने त्याग, तपस्या और कठिन परिश्रम के बल पर जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने का काम किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारत छोड़ो आंदोलन में भी भाग लिया था। इसके बाद भारतीय जनसंघ की स्थापना और उसे मजबूत करने में उनका अमूल्य योगदान रहा। बिहार सरकार में वित्त मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री के रूप में भी उन्होंने अपनी सेवाएं दीं। एक समर्पित संघ प्रचारक और कर्मठ भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उनका जीवन संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण रहा।
उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र का योगदान केवल राजनीतिक संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से कार्यकर्ताओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। जनसंघ को मजबूत करने से लेकर भारतीय जनता पार्टी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सदैव याद रखी जाएगी। आज पूरा देश उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण कर रहा है।
सरावगी ने कहा कि कैलाशपति मिश्र जैसे युगपुरुष और युगद्रष्टा की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की घोषणा बिहार सरकार का सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके अतुलनीय योगदान और विचारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने इस घोषणा के लिए बिहार सरकार और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि कैलाशपति मिश्र के आदर्श सदैव भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।