कन्हैया की पदयात्रा ने पकड़ी रफ्तार, 10 अप्रैल को पटना में करेंगे पदयात्रा, 11 को सीएम हाउस के घेराव के साथ समापन
बिहार में युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा ने पटना में दस्तक दे दी है. मंगलवार को बाढ़ विधानसभा क्षेत्र से यात्रा ने आगे की ओर कूच किया, हालांकि कन्हैया कुमार खुद इस पड़ाव में शामिल नहीं थे. अब काफिला पटना शहर की ओर बढ़ रहा है, जहां यात्रा की गतिविधियां और तेज़ होंगी.
10 अप्रैल को पटना सिटी गुरद्वारा से पदयात्रा की शुरुआत होगी और समापन पटना यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर होगा। इसके लिए सभी पदयात्री पटना आ गए हैं। मंगलवार की रात सदाकत आश्रम में सभी की मीटिंग चली थी। यहीं पर बेस कैंप तैयार किया जा रहा है।
10 अप्रैल की सुबह 8:30 बजे झंडोत्तोलन होगा। इसके बाद 10 बजे गुरुद्वारा से यह यात्रा शुरू होगी, जो कि झाऊगंज, हाजीगंज, मारूफगंज, मालसलामी, गौरीदास रोड की मंडी, सिमली होते हुए गुरु का बाग तक पहुंचेगी।
गुरु का बाग के आगे कमेटी हॉल में यात्रा विश्राम होगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे से पत्थर की मस्जिद स्थित पेट्रोल पंप से यात्रा की शुरुआत होगी। शाम 5 बजे दरगाह रोड चौराहा पर नुक्कड़ सभा का आयोजन होगा। फिर 5.30 बजे मुसल्लहपुर हाट में टी ब्रेक होगा। फिर यह यात्रा भीखना पहाड़ी, रमना रोड, पटना यूनिवर्सिटी गेट तक होगा।
वहीं, 11 अप्रैल को कांग्रेस सीएम हाउस का घेराव करने वाली है। सीएम आवास के घेराव के साथ कन्हैया कुमार के पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा का समापन होगा। 11 अप्रैल को कन्हैया कुमार की यात्रा पटना में समाप्त होगी। 5 हजार कार्यकर्ताओं के साथ सीएम हाउस का कांग्रेस घेराव करने जा रही है।
राजधानी में पिछले 5 सालों मे सबसे बड़ा प्रदर्शन करने के प्लान में कांग्रेस है। सूत्रों के मुताबिक 10 अप्रैल को सदाकत आश्रम में 3 से 4 हजार कार्यकर्ताओं को कांग्रेस ठहरायेगी। इस घेराव में राजस्थान से कांग्रेस विधायक सचिन पायलट भी शामिल हो सकते हैं।