खेसारी लाल यादव बोले- नीतीश और लालू चाचा दोनों ही प्यारे, ब्रिज पर विवाद की जरुरत नहीं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम बदलकर नीतीश सेतु करने का ऐलान किया था. इसके बाद से पुल पर विवाद तेज हो गया है. 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आयेंगे. इस दिन वे दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे. हाजीपुर में औद्योगिक क्षेत्र का और नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे.
इस मामले में अब भोजपुरी एक्टर और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. नीतीश सेतु पर चल रहे विवाद को लेकर खेसारी लाल ने कहा, राज्य के लोगों के लिए नीतीश कुमार और लालू प्रसाद दोनों ही प्रिय हैं. ऐसे में पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने को लेकर किसी भी तरह के विवाद की जरुरत नहीं है
खेसारी लाल यादव ने यह भी कहा कि मुझसे पूछने से कुछ नहीं होगा. सबको पता है पुल का नाम किसके नाम पर होना चाहिए या नहीं होना चाहिए. लालू यादव ने लोगों के लिए काफी कुछ किया है. उसी तरह से नीतीश कुमार ने भी लोगों के लिए काफी काम किया है. नीतीश चाचा हमें उतने ही प्यारे हैं, जितने कि लालू चाचा. दोनों ही एक-दूसरे के साथी रहे हैं.
आगे खेसारी लाल यादव ने यह भी कहा, नीतीश कुमार के नाम को दुनिया ने देखा है. उसी तरह से लालू यादव के काम को भी दुनिया ने देखा है. दोनों ने लोगों के लिए कितना लड़ा और संघर्ष किया. लालू और नीतीश दोनों ने ही जनता के लिए बहुत कुछ किया है. ऐसे में पुल के नाम पर विवाद की जरुरत नहीं. जो हो रहा है वो ठीक है. अपनों के ही नाम पर हो रहा है.