जेल से शासन चलाने की मानसिकता पर ललन सिंह का वार, कहा- कांग्रेस-राजद की नैतिकता खत्म

 

Patna: केंद्रीय पशुपालन मंत्री और मुंगेर के सांसद ललन सिंह ने लोकसभा में पेश हुए सांवैधानिक संशोधन बिल को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिल का विरोध करने वालों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कानून उन लोगों को रोकने के लिए लाया गया है, जो जेल में बैठकर शासन चलाना चाहते हैं।

ललन सिंह ने कहा, आखिर जेल से शासन चलाना कहां की नैतिकता है? इस कानून का विरोध वही लोग कर रहे हैं जिनके पास खुद की कोई नैतिकता ही नहीं है।

प्रधानमंत्री को भी शामिल किया गया

उन्होंने बताया कि इस बिल में प्रधानमंत्री तक को शामिल किया गया है। यानी यदि प्रधानमंत्री पर कोई गंभीर कार्रवाई होती है तो उन्हें भी पद छोड़ना पड़ेगा। सिंह के मुताबिक, यह कदम दिखाता है कि प्रधानमंत्री ने जनता के सामने नैतिकता की मिसाल पेश की है।

कांग्रेस और राजद पर हमला

सिर्फ इतना ही नहीं, ललन सिंह ने इस बहाने कांग्रेस और राजद पर भी निशाना साधा। उन्होंने याद दिलाया कि जब लालू यादव पर कानूनी संकट आया था, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने उन्हें बचाने के लिए बिल तैयार किया था। उस समय संसद में राहुल गांधी ने वह बिल फाड़ दिया था, और आज वही लोग साथ घूम रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस और राजद की नैतिकता कहां गई?”

पीएम मोदी की तारीफ

गया में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर भी ललन सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री हर बार बिहार आते हैं तो हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का तोहफा देते हैं। इस बार भी वे कई बड़े प्रोजेक्ट की सौगात देने जा रहे हैं।