‘लालू जी मेंटली गड़बड़ा गए हैं’, सुरक्षा विवाद पर अशोक चौधरी का पलटवार; बिहार पुलिस ने भी दिया जवाब
Bihar political news: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास और लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार की सियासत में घमासान तेज हो गया है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधे जाने के बाद जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तीखा पलटवार किया है।
मीडिया से बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव बेवजह राजनीतिक विवाद खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब तक सरकार ने सुविधा दी, तब तक सब ठीक था, लेकिन अब हर बात के लिए मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि वीआईपी सुरक्षा और सरकारी आवास से जुड़े फैसले किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि निर्धारित नियमों और सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिशों के आधार पर लिए जाते हैं। सुरक्षा व्यवस्था तय करने में पुलिस और सुरक्षा समिति की अहम भूमिका होती है।
दरअसल, हाल ही में लालू प्रसाद यादव ने सुरक्षा व्यवस्था और 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
विवाद के बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने भी अपना पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पुलिस के अनुसार दोनों नेताओं को अंगरक्षक, आवास सुरक्षा, स्कॉट गार्ड, पायलट वाहन और बुलेट रेसिस्टेंट कार जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी बताया कि संभावित खतरे के आकलन के आधार पर सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच के सुरक्षाकर्मी भी तैनात हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई है और दोनों नेताओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और पुलिस के स्पष्टीकरण के बीच यह मामला अब बिहार की सियासत में नई बहस का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।