परिवार के साथ गोपालगंज पहुंचे लालू यादव, एक झलक पाने को उमड़ी समर्थकों की भीड़
राजद सुप्रीमो एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव गुरुवार की देर शाम पूरे परिवार के साथ गोपालगंज के उचकागांव प्रखंड स्थित बरगछिया गांव पहुंचे. वे यहां अपने करीबी रिश्तेदार के आवास पर आयोजित एक निजी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे.
उनके आगमन की खबर मिलते ही पूरे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई. अपने नेता की एक झलक पाने के लिए छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में जबरदस्त उत्साह और बेचैनी देखी गई.
मिली जानकारी के अनुसार, बरगछिया गांव निवासी एवं लालू प्रसाद यादव के करीबी रिश्तेदार सुभाष चंद्र यादव के घर पर एक पारिवारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसी समारोह में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद यादव के साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य भी पहुंची थीं.
गुरुवार की शाम ढलने के साथ ही बरगछिया गांव में राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था. जैसे ही लालू प्रसाद यादव का काफिला गांव में दाखिल हुआ, वहां हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. समर्थकों के उत्साह और प्यार को देखते हुए लालू प्रसाद यादव ने भी उन्हें निराश नहीं किया.
अपनी गाड़ी से उतरने के बाद वे कुछ देर तक बाहर ही बैठे रहे और मुस्कुराते हुए स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं से उनका हालचाल जाना.
लालू प्रसाद यादव के स्वागत के लिए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह, हथुआ के पूर्व विधायक राजेश सिंह, स्थानीय नेता रूपेश यादव, बशीर मियां, शिवनाथ यादव और राकेश तिवारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता पहले से ही मौजूद थे. काफिला पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर आनंद कुमार सिंह सहित पुलिस बल की तैनाती की गई थी. वहीं, लालू प्रसाद यादव के काफिले को एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर नीतू कुमारी को सौंपी गई थी. स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सतर्क नजर आया.