लालू का वार- “गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा”… मोदी का पलटवार – “ये सिर्फ मेरी मां का नहीं, देश की बेटियों का अपमान”

 

Patna: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव करीब आ रहा है, नेताओं के बीच जुबानी जंग और तीखी होती जा रही है। एक ओर आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए करारा हमला बोला, तो दूसरी ओर पीएम मोदी ने भावनात्मक अपील के साथ लालू और कांग्रेस पर पलटवार किया।

लालू का हमला: “गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा”

लालू यादव ने पोस्ट में लिखा: “ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार से और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में? ये गुजराती मॉडल बिहार में नहीं चलेगा।”



उन्होंने पीएम मोदी पर यह आरोप भी लगाया कि भाजपा द्वारा बुलाए गए बंद के दौरान उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिहार की महिलाओं और बेटियों का अपमान किया। लालू ने चेतावनी दी कि बिहार को हल्के में न लिया जाए और भाजपा कार्यकर्ताओं को गुंडागर्दी बंद करनी चाहिए।

पीएम मोदी का पलटवार: “यह मेरी मां का ही नहीं, देश की मां-बहनों का अपमान है”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 सितंबर को एक कार्यक्रम में कांग्रेस और आरजेडी के मंच से उनकी मां पर की गई अभद्र टिप्पणी पर कड़ा बयान दिया। “यह सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं, बल्कि देश की मां-बहन-बेटियों का अपमान है। जिस मां ने मुझे देशसेवा का आशीर्वाद दिया, उसी मां को भद्दी गालियां दी गईं। उस मां का अपराध क्या था?”

मोदी ने कहा कि उनकी मां की तपस्या और बेटे की मेहनत को “शाही खानदानों के युवराज” कभी समझ नहीं पाएंगे।

आरजेडी शासन पर भी कसा तंज

पीएम ने बिहार के पुराने दौर को याद कराते हुए कहा कि जब आरजेडी की सरकार थी, तब अपराध और अपराधी बेलगाम थे। हत्या, फिरौती और बलात्कार आम थे और सबसे ज्यादा पीड़ा बिहार की महिलाओं को झेलनी पड़ती थी।

चुनावी हवा और तेज

लालू और मोदी की इस तकरार ने बिहार के चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है। एक तरफ लालू रोजगार और विकास मॉडल पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं मोदी भावनाओं और सुरक्षा के मुद्दे को केंद्र में ला रहे हैं।