लोजपा नेता नीरज शर्मा ने पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से की मुलाकात, सरसई पोखर शिव मंदिर परिसर में हाई मास्ट लाइट लगाने की रखी मांग
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश से लोजपा नेता नीरज शर्मा ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने गांव महादेव नगरी, फतेहपुर फुलवरिया स्थित सरसई पोखर के प्राचीन श्री रामनाथ महादेव तीर्थ क्षेत्र शिव मंदिर परिसर में हाई मास्ट लाइट लगाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान नीरज शर्मा ने मंत्री दीपक प्रकाश को मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस पवित्र तीर्थस्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में हाई मास्ट लाइट लगने से रात्रि के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था होगी। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
नीरज शर्मा ने कहा कि सरसई पोखर स्थित श्री रामनाथ महादेव तीर्थ क्षेत्र को एक विकसित धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्षेत्र का समुचित विकास होने से न केवल धार्मिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि महादेव नगरी को एक बेहतर और विकसित स्थल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे। क्षेत्र की धार्मिक पहचान को मजबूत करने, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।