मंत्री निशांत कुमार के काफिले में बड़ा हादसा! दो गाड़ियां टकराईं, JDU जिलाध्यक्ष बाल-बाल बचे
Jamui: मंत्री निशांत कुमार के काफिले की दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं. हादसे में JDU जिलाध्यक्ष बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. फिलहाल हादसे में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है.
Jamui: बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के काफिले में रविवार को हादसा हो गया। जमुई जिला मुख्यालय स्थित परिसदन भवन के पास काफिले में शामिल दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना से जमुई होते हुए झाझा जा रहे थे। उन्हें झाझा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होना था, जहां लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम निर्धारित था।
मंत्री के स्वागत की चल रही थी तैयारी
मंत्री निशांत कुमार के जमुई पहुंचने को लेकर जदयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत की तैयारी की थी। बताया जा रहा है कि कचहरी चौक पर कार्यकर्ताओं ने मंत्री के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की व्यवस्था की थी।
इसी दौरान मंत्री के काफिले में शामिल दो वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बन गया। हालांकि, काफिले के साथ मौजूद लोगों ने तत्काल स्थिति को संभाल लिया।
JDU जिलाध्यक्ष भी एक गाड़ी में थे सवार
जानकारी के मुताबिक, जिन दो गाड़ियों की आपस में टक्कर हुई, उनमें से एक वाहन में जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो भी सवार थे। हादसे के बावजूद वह सुरक्षित रहे। किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना नहीं है।
घटना के बाद काफिले में शामिल वाहनों की जांच की गई और स्थिति सामान्य होने के बाद काफिला आगे बढ़ गया।
झाझा के लिए रवाना हुआ मंत्री का काफिला
हादसे के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झाझा की ओर रवाना हो गए। काफिले के वाहनों के बीच हुई टक्कर की खबर सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसकी चर्चा शुरू हो गई।
फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। राहत की बात यही रही कि काफिले में शामिल दो वाहनों की टक्कर के बावजूद सभी लोग सुरक्षित रहे।