मनीष वर्मा का विपक्ष पर वार – “जो परिवार नहीं संभाल सके, बिहार क्या संभालेंगे?”
Darbhanga: जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने दरभंगा के बेनीपुर में आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में विपक्ष पर सीधा हमला बोला। मंच से बोलते हुए उन्होंने कहा – “जो नेता अपने परिवार को एकजुट नहीं रख पाए, वो बिहार को एक कैसे रखेंगे?”
तेजस्वी पर तंज – “सिर्फ CM बनने का सपना देखने वाले युवराज”
मनीष वर्मा ने तेजस्वी यादव पर तीखा वार करते हुए कहा कि वह केवल मुख्यमंत्री बनने का सपना देखते हैं लेकिन बिहार की समस्याओं से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने तेजस्वी को “आकांक्षी युवराज” कहकर संबोधित किया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
जेडीयू नेता ने राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया और कहा कि वे देश की असली तस्वीर समझ ही नहीं पाए। जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की बजाय वे विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं।
नीतीश सरकार के कामकाज की तारीफ
विपक्ष पर हमला करने के साथ-साथ मनीष वर्मा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा और कानून व्यवस्था में बड़े सुधार हुए हैं और अब राज्य औद्योगिक क्रांति की ओर बढ़ रहा है।
“अगले 5 साल में बिहार बदलेगा”
मनीष वर्मा ने दावा किया कि आने वाले 5 साल में बिहार बड़े बदलाव का गवाह बनेगा और यह बदलाव एनडीए सरकार की नीतियों और कामकाज की वजह से संभव होगा।