नीतीश के इस्तीफे पर छलका दर्द: मंत्री अशोक चौधरी फूट-फूटकर रोए, वायरल वीडियो ने बढ़ाई सियासी भावुकता
इसी बीच मंत्री अशोक चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे समर्थकों के बीच बैठकर फूट-फूटकर रोते नजर आ रहे हैं। उनके आंसू यह साफ बयां कर रहे हैं कि नीतीश कुमार का जाना उनके लिए कितना भावनात्मक और व्यक्तिगत क्षण है।
इससे पहले विधान परिषद में भी अशोक चौधरी ने बेहद भावुक शब्दों में नीतीश कुमार के नेतृत्व को याद किया था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार के विकास के लिए निस्वार्थ भाव से काम किया और हर वर्ग के लोगों के साथ उनका खास जुड़ाव रहा।
अशोक चौधरी ने कहा कि एक छोटे कर्मचारी से लेकर मंत्री तक, हर किसी के साथ उनका व्यवहार अलग और सकारात्मक रहा। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश जैसा नेता न पहले मिला है और न आगे मिलेगा।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही में अब उनकी कमी साफ महसूस होगी उनका मार्गदर्शन, समझाना और कभी-कभी डांटना भी सबको याद आएगा।
नीतीश कुमार के इस कदम ने जहां बिहार की सियासत में नए समीकरण खड़े कर दिए हैं, वहीं उनके करीबियों और सहयोगियों के लिए यह एक भावनात्मक विदाई जैसा माहौल भी बना रहा है।