Mokama: कड़ी सुरक्षा में आज शपथ लेंगे मोकामा विधायक अनंत सिंह
Mokama: मोकामा से नवनिर्वाचित विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह आज यानी मंगलवार को विधायक पद की शपथ लेंगे। उन्हें सुबह करीब 11 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया जाएगा। पटना सिविल कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उनके शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हुआ है।
कोर्ट के आदेश के अनुसार अनंत सिंह को केवल शपथ ग्रहण की इजाजत दी गई है। शपथ की पूरी प्रक्रिया सुरक्षा निगरानी में पूरी कराई जाएगी और शपथ लेने के तुरंत बाद उन्हें फिर से बेऊर जेल भेज दिया जाएगा।
सिर्फ शपथ की अनुमति, जमानत नहीं
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को फिलहाल जमानत नहीं मिली है। इसी वजह से वे शपथ समारोह के अलावा किसी अन्य कार्यक्रम या गतिविधि में शामिल नहीं हो सकेंगे। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि उनकी मौजूदगी सिर्फ शपथ तक ही सीमित रहेगी।
हाईकोर्ट में नहीं हो सकी सुनवाई
बताया जा रहा है कि अनंत सिंह पिछले करीब तीन महीने से न्यायिक हिरासत में हैं। सिविल कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्होंने 24 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। हालांकि जिस पीठ में मामला सूचीबद्ध हुआ था, वहां के जज ने सुनवाई से इनकार कर दिया। अब केस को दूसरी पीठ में सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया चल रही है।
अब तक 242 विधायक ले चुके हैं शपथ
बिहार विधानसभा में अब तक 242 विधायक शपथ ले चुके हैं। जेल में बंद होने के कारण अनंत सिंह अब तक शपथ नहीं ले पाए थे। संविधान के अनुच्छेद-188 के तहत शपथ लेना हर विधायक के लिए जरूरी है। शपथ के बिना कोई भी विधायक सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकता और न ही वेतन-भत्ता का हकदार होता है।
गौरतलब है कि अनंत सिंह ने मोकामा सीट से 28,206 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्हें 91,416 वोट मिले थे, जबकि राजद प्रत्याशी वीणा देवी को 63,210 वोट प्राप्त हुए थे।
क्या है पूरा मामला
दुलारचंद यादव हत्याकांड की घटना 30 अक्टूबर 2025 की है। मोकामा के घोसवरी थाना क्षेत्र के बसावनचक गांव में चुनाव प्रचार के दौरान हुई झड़प में दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। इस मामले में अनंत सिंह पर आरोप लगे, जिसके बाद उन्हें 1 नवंबर की रात गिरफ्तार किया गया और 2 नवंबर को कोर्ट में पेश कर बेऊर जेल भेज दिया गया।