गांधी मैदान में आज NDA का मेगा शक्ति प्रदर्शन: बिहार कैबिनेट विस्तार में 31 मंत्री लेंगे शपथ

 
Bihar political news: बिहार की राजनीति में आज बड़ा दिन है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में NDA सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भव्य शपथ ग्रहण समारोह में कई नए और अनुभवी चेहरे मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। पूरे आयोजन को लेकर सत्ता और संगठन दोनों स्तर पर हलचल चरम पर है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसे बिहार में शक्ति प्रदर्शन और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक NDA सरकार में शामिल होने वाले संभावित मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए फोन जाने शुरू हो गए हैं। भाजपा, जेडीयू, एलजेपी(आर) और HAM के कोटे से कुल 31 विधायकों को मंत्री पद की शपथ लेने की सूचना दी गई है। चर्चा है कि भाजपा और जनता दल यूनाइटेड से 16-16 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जबकि सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।

जेडीयू की ओर से जिन नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें लेसी सिंह, मदन सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, श्वेता गुप्ता, सुनील कुमार और दामोदर रावत शामिल बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि श्वेता गुप्ता को नए चेहरे के तौर पर मौका मिलने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बढ़ा दी है।

वहीं भाजपा खेमे से राम कृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखविंदर पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र और नंद किशोर राम के नाम मंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार HAM की ओर से Santosh Kumar Suman को शपथ के लिए कॉल गया है, जबकि एलजेपी(रामविलास) कोटे से भी दो नेताओं को मंत्री पद के लिए सूचना दी गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार केवल सत्ता विस्तार नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की बड़ी रणनीति है। नए चेहरों को मौका देकर NDA नेतृत्व युवा और जातीय समीकरणों को मजबूत करने का संदेश देना चाहता है।

अब सबकी निगाहें गांधी मैदान में होने वाले उस मेगा शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां बिहार की नई सत्ता संरचना की तस्वीर साफ होगी।